BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) विकासखंड के कोहरगड्डी हाजीडीह मठवा गांव में विद्युत आपूर्ति की गंभीर समस्या से ग्रामीणों का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गांव में स्थापित ट्रांसफार्मर की बार-बार खराबी ने ग्रामीणों को बिजली संकट में डाल दिया है। लगातार हो रही तकनीकी समस्याओं और ट्रांसफार्मर की क्षमताहीनता के कारण गांव की बिजली आपूर्ति अनियमित हो गई है जिससे आमजन, किसान, व्यापारी, छात्र और बुजुर्ग सभी परेशान हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर आए दिन जल जाता है और या तो तकनीकी खराबी के कारण काम करना बंद कर देता है। स्थानीय निवासी हरिश्चंद्र तिवारी, डॉ. जानकी पाल, शिव सहाय कौशल, मुबारक हुसैन, अकरम, मंजूर आलम, इकरार हुसैन, सलमान और शाकिर अली ने बताया कि समस्या की सूचना कई बार बिजली विभाग को दी गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। गांव में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता गांव की जनसंख्या और जरूरत के मुकाबले बेहद कम है। ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है जिससे ग्रामीणों को 3 से 5 दिन तक बिजली नहीं मिल पाती। इस दौरान घरेलू कार्यों के साथ-साथ पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है क्योंकि गांव के अधिकांश नलकूप बिजली पर निर्भर हैं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हर बार केवल मरम्मत कर अस्थायी समाधान कर दिया जाता है, जिससे कुछ ही दिन में फिर से वही स्थिति बन जाती है। न तो ट्रांसफार्मर बदला जा रहा है और न ही समय पर कोई स्थायी तकनीकी कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और अधिशासी अभियंता से मांग की है कि गांव में उच्च क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर शीघ्र लगाया जाए ताकि बार-बार की समस्या से राहत मिल सके। इसके साथ ही मरम्मत की समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे।







