लालच में किया अपराध, पुलिस ने किया बेनकाब
MIRZAPUR NEWS: लालगंज थाना क्षेत्र में एक ऐसा मामला सामने आया जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। दरअसल, 9 सितंबर 2025 को अंकित गौतम नाम के युवक ने थाने में जाकर तहरीर देते हुए बताया कि जाह्नवी पेट्रोल पम्प के पास खड़ी कंटेनर में से किसी ने 40 LCD टीवी चोरी कर लिया हैं। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेंन बर्मा ने इस चोरी को गंभीरता से लिया और पुलिस टीम को निर्देश दिए कि जल्दी से जल्दी आरोपियों को पकड़ा जाए। पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन, क्षेत्राधिकारी लालगंज की मौजूदगी में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह को निर्देश दिए गए। पुलिस टीम ने सुराग इकट्ठा किए और लगातार जांच शुरू कर की। गुरुवार को पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि चेरूईराम मोड़ के पास कुछ संदिग्ध लोग खड़े हैं और भागने की योजना बना रहे हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छापेमारी कर कुल 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त अंकित गौतम पुत्र भागीरथी, रोहित कुमार पुत्र श्यामनारायण, सोमदत्त उर्फ छोटू पुत्र बुद्धिराम, लोरिक उर्फ रामसकल, रमाशंकर पुत्र हीरामणी अपना नाम बताने लगे। उक्त पांचों अभियुक्त थाना क्षेत्र लालगंज के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं । थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने वाले ही चोरों का सरगना निकला। पुलिस ने मौके से 40 चोरी की LCD टीवी और एक मोटरसाइकिल बरामद की। साथ ही चोरी में इस्तेमाल की जा रही पिकअप वाहन (नंबर UP 63 AT 9947) और मोटरसाइकिल (नंबर UP 63 BF 6296) को भी जब्त कर लिया गया। पूछताछ में अंकित ने चौकाने वाला सच कबूल किया। उसने बताया कि वह पुणे से टीवी लादकर गुवाहाटी ले जा रहा था। रास्ते में अपने गांव मीरजापुर में आकर कंटेनर खड़ा कर दिया। पैसों की तंगी से परेशान होकर उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर कंटेनर से 40 टीवी चोरी कर लीं और उन्हें बेचकर अच्छा पैसा कमाने की योजना बनाई। कई जगह बेचने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली, इसलिए टीवी लेकर मध्य प्रदेश जा रहे थे कि पुलिस ने पकड़ लिया।अंकित ने यह भी कहा ताकि किसी को मुझ पर शक न हो, इसलिए मैंने खुद ही थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।अब पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें कोर्ट/जेल भेज दिया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल वाहन को जब्त कर लिया गया ।
चोरों को पकड़ने वाले पुलिस टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह,उप निरीक्षक नौशाद अली खान और पूरी पुलिस टीम शामिल रही ।







