JHANSI NEWS: युवाओं को भक्ति और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से शहर में एक भव्य ‘महाभक्ति कंसर्ट’ का आयोजन किया जा रहा है। होली पर्व के उपलक्ष्य में 28 फरवरी को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम आध्यात्मिक संगीत और उत्साह का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। गुरुवार को समाधान कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान सदर विधायक पंडित रवि शर्मा के पुत्र परन शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 फरवरी को शाम 7 बजे से मुक्ताकाशी मंच पर ‘महाभक्ति कंसर्ट’ आयोजित किया जाएगा। इस विशेष आयोजन में शानदार साधु दा बैंड द्वारा भक्ति पर आधारित गीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। बैंड अपने ऊर्जावान अंदाज और आध्यात्मिक संगीत के माध्यम से युवाओं को भक्ति से जोड़ने का प्रयास करेगा। परन शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में युवाओं को सकारात्मक दिशा देने की आवश्यकता है। संगीत एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिकता से जोड़ा जा सकता है। इसी उद्देश्य को लेकर यह महाभक्ति कंसर्ट आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम पूर्णतः निशुल्क होगा और इसमें प्रवेश के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के लोग परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। आयोजन समिति द्वारा व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजकों ने समस्त शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं







