Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने जताई...

जौनपुर में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

JAUNPUR NEWS: जफराबाद थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव में सोमवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी प्रीति गुप्ता (28) पत्नी दशरथ गुप्ता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में चर्चा है कि विवाहिता ने किसी कारणवश विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ी। वहीं, मायका पक्ष ने मौखिक रूप से हत्या की आशंका जताई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। इस संबंध में थाना जफराबाद प्रभारी ने बताया कि अभी तक मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।