Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव: विरोध करने पर ग्रामीण को मारी...

जौनपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव: विरोध करने पर ग्रामीण को मारी गोली, हालत गंभीर

JAUNPUR NEWS: तेजी बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार कर दी। घर के बाहर सो रहे एक युवक को चोरी का विरोध करना भारी पड़ गया, जब बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गडा बाग सरायसेनी निवासी अवधेश कुमार यादव (लगभग 35 वर्ष) रात करीब 1 बजे अपने घर के सामने सो रहे थे। इसी दौरान टाटा मैजिक वाहन से सवार होकर आधा दर्जन से अधिक संदिग्ध लोग वहां पहुंचे और चोरी की कोशिश करने लगे। आहट पाकर जागे अवधेश ने जब विरोध किया और शोर मचाया, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली अवधेश की बायीं जांघ में जा लगी। घटना के बाद हमलावर उसी वाहन से भाग निकले। घायल अवस्था में परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली जांघ को आर-पार कर गई है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।