Home उत्तर प्रदेश जो सत्ता से बेरोजगार हो गये अब वो सवाल उठाते हैं: डिप्टी...

जो सत्ता से बेरोजगार हो गये अब वो सवाल उठाते हैं: डिप्टी सीएम

सपा कांग्रेस टीएमसी आरजेडी पर डिप्टी सीएम ने बोला हमला
PRAYAGRAJ NEWS: जिला प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को लखनऊ रवाना होने से पूर्व सर्किट हाउस में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्रों में 2027 में विजय का लक्ष्य लेकर सक्रिय हो जाएं। जिसको जो जिम्मेदारी संगठन द्वारा दी गई है उसे पूरी ईमानदारी व निष्ठा से निभाएं। इस दौरान मीडिया से औपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने कई प्रश्नों के बेबाकी से उत्तर दिये। गाजीपुर इनकाउंटर पर डिंपल यादव द्वारा सवाल उठाये जाने के जवाब में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव व डिंपल यादव का कानून व्यवस्था पर बोलने का मतलब है कि शीशे के घर में रहने वाले दूसरों के घर में पत्थर फेंकने का काम कर रहे हैं। ऐसी कोई घटना होती है तो पुलिस को कार्यवाही के तहत अभियुक्त को गिरफ्तार करना पड़ता है। और डिंपल यादव के कहने से ही नहीं यदि ऐसी कोई घटना होती है और परिवार शिकायत करता है तो उसकी जांच होती है। इस घटना की जांच भी करवा ली जाएगी। यदि कोई लापरवाही हुई होगी तो उस पर विचार किया जाएगा। प्रदेश में कानून व्यवस्था चुस्त दुरुस्त है। पुलिस पर कोई हमला करता है तो जवाब में पुलिस भी हमला करती है। उसमें कई अपराधी ऐसे होते हैं जो मारे जाते हैं। लेकिन आगे कहीं कोई शिकायत आएगी तो उसकी जांच कराई जाएगी। आर्थिक मामलों को लेकर विपक्ष के द्वारा उठाए जा रहे सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों के दौरान देश आगे बढ़ा है। पहले जो चीजें विदेश में बनती थीं आज देश में बन रही हैं। जो कभी विदेशों से सामान खरीदने में दलाली करते थे उनका कारनामा देश जानता है। युवाओं के उज्जवल भविष्य के लिए सरकार द्वारा कदम उठाये जाएंगे। सरकार के द्वारा जो कदम युवाओं के लिए उठाए गए हैं उससे युवा सरकार से प्रसन्न हैं। अखिलेश यादव व डिंपल यादव के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर आशीर्वाद लेने व गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने का समर्थन करने लेकिन अखिलेश यादव द्वारा या सवाल उठाना की बीजेपी इससे भाग रही है पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा हमला करते और सवाल उठाते हुए कहा कि यह सच्चाई सब जानते हैं कि जिनकी सरकार में निहत्थे रामभक्तों को गोलियों से भूना गया वे संतों की सुरक्षा करेंगे? जिनके शासनकाल में गौ हत्या और तस्करी आम बात थी वे गौ रक्षा करेंगे? वे न संतों का सम्मान करने वाले लोग हैं न गौ रक्षा करने वाले लोग हैं। वे सिर्फ अवसरवादी लोग हैं। देश नहीं बंटने देंगे गाय नहीं कटने देंगे का नारा लगाने वाले हम ही लोग(बीजेपी) हैं। 2047 तक प्रदेश की सत्ता में सपा और देश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी नहीं होने वाली है। भाजपा ही वर्तमान है और भाजपा ही भविष्य। भाजपा ही विकसित आत्मनिर्भर भारत बनाएगी। डिंपल यादव द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सनातनी नहीं बल्कि राजनीतिक हिंदू कहने के बयान पर डिप्टी सीएम ने कहा कि ये सब घटिया बयान हैं। भगवान उन्हें सद्बुद्धि दे। इस दौरान महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ वीके सिंह, सांसद प्रवीण पटेल, काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, मनोज कुशवाहा, अनुज कुशवाहा, विक्रमजीत भदौरिया, सचिन जायसवाल, विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, अरुण पटेल, कमलेश गौतम, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, भोला सिंह आदि उपस्थित रहे।