Home उत्तर प्रदेश जेपी हॉस्पिटल जिला जेल ज्ञानपुर में 30 कैदियों को नि:शुल्क चश्मों का...

जेपी हॉस्पिटल जिला जेल ज्ञानपुर में 30 कैदियों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण

BHADOHI NEWS/GYANPUR: जिला कारागार, ज्ञानपुर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में जेपी हॉस्पिटल के तत्वाधान में 30 कैदियों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण किया गया। चश्मों का वितरण जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने किया। ये चश्मे उन बंदियों को दिए गए, जिनका नेत्र परीक्षण पूर्व में जेपी हॉस्पिटल, जंगीगंज की टीम द्वारा किया गया था। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शैलेश कुमार, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक और जिला कारागार अधीक्षक अभिषेक सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस पहल का नेतृत्व जेपी हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. रत्नेश पाण्डेय ने किया, जिन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य जेल में बंद बंदियों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। यह केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि एक नैतिक कर्तव्य भी है। जिले के जंगीगंज में स्थित जेपी हॉस्पिटल हमेशा से जनहित में कार्य करता आ रहा है। इससे पूर्व अस्पताल द्वारा महिलाओं को नि:शुल्क सैनिटरी पैड का वितरण औऱ भारत सरकार के टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय सहभागिता की जा चुकी है। विशेष उल्लेखनीय बात यह है कि जिले का डीघ ब्लॉक का एकमात्र निजी अस्पताल जेपी हॉस्पिटल रहा, जिसे इस वर्ष टीबी उन्मूलन में योगदान के लिए जिलाधिकारी महोदय ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। जेपी हॉस्पिटल आने वाले समय में भी इसी तरह के जनसेवा कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।