सीपरी बाजार पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, हजारों की नकदी व ताश की गड्डियां बरामथ
JHANSI NEWS: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन में जनपद में जुआ-सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सीपरी बाजार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हजारों रुपये की नकदी और ताश की गड्डियां बरामद की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गयी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीपरी बाजार थाना पुलिस ने ग्वालियर रोड स्थित देवलाल वर्मा के मकान पर छापा मारकर जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में दतिया गेट निवासी विजय खटीक, प्रेमनगर के नगरा निवासी विजय तिवारी, नई बस्ती निवासी राजकुमार वाल्मीकि, नगरा निवासी प्रमोद कोरी, सीपरी बाजार के नंदनपुरा निवासी फिरोज खान, आवास विकास निवासी मोहन गौतम तथा नई बस्ती निवासी रवि यादव शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 81 हजार 180 रुपये नकद और एक ताश की गड्डी बरामद की। इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई रक्सा तिराहे के पास सीमेंट फैक्ट्री के समीप की, जहां से पांच अन्य जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ललितपुर जिले के बार निवासी मनीराम आदिवासी, सीपरी बाजार के कोट बहता निवासी हरगोविंद अहिरवार, रक्सा के परवई निवासी मोहर सिंह, सदर बाजार के भगवन्तपुरा निवासी रामसेवक तथा पंचवटी कॉलोनी निवासी रवींद्र पाल शामिल हैं। इनके पास से 8 हजार 300 रुपये नकद और एक ताश की गड्डी बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।







