JHANSI NEWS: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) झांसी ने ट्रेनों और रेलवे प्लेटफॉर्म पर मोबाइल चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चोरी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है। जीआरपी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रेलवे के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक रेलवे के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के जीआरपी टीम ने रेलवे स्टेशन झांसी के चित्रा रोड की ओर जीआरपी पुल चैनल गेट के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुलाब चौहान उर्फ कागज पुत्र स्व. मेड़ी लाल, निवासी सुजानपुर, थाना कोतवाली बाग, जनपद फतेहपुर (हाल पता ग्राम पिलखनी, थाना हुसेनगंज, जनपद फतेहपुर) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अदद एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया। उसके विरुद्ध जीआरपी थाना में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चलती ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक गर्वेंद्र कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार, हेड कांस्टेबल वरियकम सिंह तथा कांस्टेबल अनिल कुमार की टीम ने अंजाम दिया।







