Home उत्तर प्रदेश जिसे मां विंध्यवासिनी ने बुलाया, उसे मिला सम्मान-क्राइम कंट्रोल का इनाम, नए...

जिसे मां विंध्यवासिनी ने बुलाया, उसे मिला सम्मान-क्राइम कंट्रोल का इनाम, नए साल पर डीआईजी बने सोमेन वर्मा

विंध्य की धरती पर सेवा का फल, मां ने दिया नए साल में तोहफा
MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चन्द्र पाण्डेय) नए वर्ष से ठीक पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे को बड़ा प्रशासनिक तोहफा दिया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद गृह विभाग ने यूपी कैडर के 45 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति देने के आदेश जारी कर दिए हैं। इन पदोन्नतियों से पुलिस विभाग के शीर्ष और मध्य स्तर के प्रशासनिक ढांचे में अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। जारी अधिसूचना के अनुसार 2001 बैच के तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को आईजी से एडीजी, जबकि 2008 बैच के छह आईपीएस अधिकारियों को डीआईजी से आईजी पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं 2012 बैच के 13 आईपीएस अधिकारियों को एसपी/एसएसपी से डीआईजी रैंक प्रदान की गई है। डीआईजी पद पर पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों की सूची में मीरजापुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस सोमेन वर्मा का नाम भी शामिल है। तेजतर्रार कार्यशैली और प्रभावी अपराध नियंत्रण के लिए पहचाने जाने वाले सोमेन वर्मा की पदोन्नति को उनके अब तक के उत्कृष्ट सेवा कार्यों का प्रतिफल माना जा रहा है। 2012 बैच के आईपीएस सोमेन वर्मा पश्चिम बंगाल के मूल निवासी हैं। उन्होंने एनआईटी असम से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। आईपीएस बनने से पहले वह भारतीय इंजीनियरिंग सेवा के तहत ऊर्जा मंत्रालय में सेवाएं दे चुके हैं। एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से प्रेरित होकर उन्होंने इंजीनियरिंग की सुरक्षित नौकरी छोड़ी और यूपीएससी की कठिन परीक्षा पास कर आईपीएस बने। लखनऊ कमिश्नरेट में सेवा देने के बाद सोमेन वर्मा को सुल्तानपुर का पुलिस अधीक्षक बनाया गया। यहां उन्होंने करीब ढाई साल का लंबा कार्यकाल पूरा किया। अपराध नियंत्रण, ताबड़तोड़ कार्रवाई और मंगेश यादव एनकाउंटर के बाद वह लगातार सुर्खियों में रहे। सुल्तानपुर में अपराध ग्राफ में आई गिरावट उनकी पहचान बनी। सुल्तानपुर से ट्रांसफर के बाद सोमेन वर्मा ने मीरजापुर का कार्यभार संभाला। यहां उन्होंने महज दो महीने के भीतर अपराध नियंत्रण को बड़ी उपलब्धि में बदल दिया। गौ-तस्करों, छिनैती गिरोहों और बड़े बदमाशों पर सख्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ है, जबकि आम जनता में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। एसएसपी रहते हुए सोमेन वर्मा ने साफ शब्दों कहां कि अपराध होगा तो नजीर वाली कार्रवाई तय है। उन्होंने न सिर्फ अपराधियों पर शिकंजा कसा, बल्कि जनता से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की। पदोन्नति के बाद पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र मीरजापुर आर. पी. सिंह द्वारा सोमेन वर्मा को रैंक प्रतीक (चिह्न) लगाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। मां विंध्यवासिनी की नगरी मीरजापुर में सेवा दे रहे सोमेन वर्मा को उनकी सफलता के लिए देवी का आशीर्वाद माना जा रहा है। जनपद वासियों व जनपद के जनप्रतिनिधियों ने सोमेन वर्मा की इस उपलब्धि पर खुले सराहना की, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उम्मीद किया सोमेन वर्मा जहां और जिस जिले में रहेंगे। वहां शांति व्यवस्था व भव्य मुक्त वातावरण बनाते रहेंगे। वह अपराधियों, असामाजिक तत्वों व आतताईयों पर नकेल कसकर जनता के साथ सौहार्द व्यवहार करके पुलिस व जनता की बीच पैदा हुई खाई को इसी तरह पाटते रहेंगे। मां विंध्यवासिनी ने इन्हें बुलाया था और पदोन्नत कर वह तमाम पुरस्कार इनकी झोली में भरकर इन्हें मां विंध्यवासिनी पुनः अगली मंजिल की ओर रवाना करेगी, जहां ये अपराधियों का दमन व जनता को निर्भय करेंगे।