BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जिले की 70 ग्राम पंचायतों ने मार्च महीने से अब तक विकास कार्यों पर एक भी रुपया खर्च नहीं किया है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर हुई समीक्षा में यह लापरवाही सामने आई है। पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायतीराज अधिकारी से जवाब मांगा है। डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय ने 73 पंचायत सचिवों को नोटिस जारी कर एक सप्ताह में बजट खर्च की रिपोर्ट मांगी है। सूत्रों के अनुसार पंचायतें जानबूझकर बजट खर्च नहीं कर रही हैं। इसके पीछे मकसद है कि चुनाव के नजदीक विकास कार्य दिखाकर वोट प्रभावित किया जा सके। तैयार योजनाएं फाइलों में दबी हैं। जमीनी स्तर पर काम बंद पड़ा है। इस मामले में कई विकासखंडों की पंचायतें शामिल हैं। सदर विकासखंड की 12 पंचायतें, हरैया सतघरवा की 7 पंचायतें, रेहराबाजार की 5 पंचायतें, गैसड़ी की 9 पंचायतें, पचपेड़वा की 17 पंचायतें, गैड़ास बुजुर्ग की 4 पंचायतें, तुलसीपुर की 13 पंचायतें और उतरौला विकासखंड की 3 पंचायतें इसमें शामिल हैं। डीपीआरओ ने बताया कि नोटिस देकर सभी पंचायत सचिवों से जवाब मांगा गया है। समय से बजट खर्च न करने वालों पर विभागीय कार्रवाई तय है।







