SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने गुरुवार को माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बाह्य रोगी विभाग, आपातकालीन कक्ष, दवा वितरण कक्ष तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता तथा दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति भी जांची तथा समय से ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।जिलाधिकारी ने औषधि भंडार रजिस्टर, जांच रिपोर्ट व्यवस्था एवं अन्य अभिलेखों का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को सभी आवश्यक दवाएं एवं उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, जिससे मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अतिरिक्त शव परीक्षण गृह एवं मृतक कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डा. राजेश मोहन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. ए.के. झा, डा. संजय गुप्ता, डॉक्टर परमोद कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







