Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं

जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं

ग्राम तक आने वाली संपर्क मार्ग का मरम्मत कार्य माह फरवरी तक कराने के निर्देश

KAUSHAMBI NEWS:  जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के तहत विकास खण्ड सिराथू की ग्राम-रघुनाथपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता लो.नि.वि. को ग्राम तक आने वाली संपर्क मार्ग का मरम्मत कार्य माह फरवरी तक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक अभियंता लघु सिंचाई को ग्राम के प्राथमिक विद्यालय में 19 पैरामीटर के अन्तर्गत कराए गए कार्यों, निपुण तालिका, साफ-सफाई एवं डी.बी.टी. आदि का सत्यापन कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बी.एम.एम. एवं खण्ड विकास अधिकारी से कहा कि ग्राम की महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाय एवं महिलाओं को उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रोत्साहित व सुविधाएं उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित कर दिया जाय। उन्होंने ग्रामवासियों से पूॅछा कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं या नहीं, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, बच्चों को पाठय-पुस्तक का वितरण हुआ या नहीं तथा ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य करते हैं कि नहीं, जिस पर ग्रामवासियो ने बताया कि अध्यापक विद्यालय समय से आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य भी करते हैं। उन्होंने ग्रामवासियों से गांव के सबसे नजदीक स्थित सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की, जिस पर ग्रामवासियों ने बताया कि अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है।  जिलाधिकारी ने ग्रामवासियो से नजदीकी पशु चिकित्सालय से उपलब्ध सुविधाओ की जानकारी प्राप्त करते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से कहा कि पशुओं का टीकाकरण कराया जाय। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी को ग्राम के सभी हैण्डपम्पों की क्रियाशीलता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियो को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया। इसके साथ ही उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने ग्रामवासियों से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत कराए गए सर्वें में ग्राम में 132 लोग पात्र पाए गए हैं, जिनको शीघ्र ही लाभान्वित किया जाएगा। ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत पानी सिर्फ दिन में एक बार आता है, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को सत्यापन कर आख्या उपलब्ध कराने एवं सहायक अभियंता, जल निगम को नियमानुसार पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सहायक अभियंता ने बताया कि माह फरवरी तक समुचित रूप से पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी। ग्राम चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर लाभ उठाने की अपील की।