Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं

जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल लगाकर, सुनी ग्रामवासियों की समस्याएं

जिलाधिकारी ने नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन का फीता काटकर किया उद्घाटन

KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज “गॉव की समस्या, गॉव में समाधान“ के अन्तर्गत विकास खण्ड मंझनपुर की ग्राम-गुवारा तैयबपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याओं को सुना एवं सम्बन्धित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने ग्राम के लाभार्थियों से पुष्टाहार मिलने, पेंशन, शौचालय का लाभ मिलने, राशन मिलने, कन्या सुमंगला योजना एवं आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित होने की जानकारी प्राप्त करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से कहा कि छूटे हुए सभी पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित कर दिया जाय। उन्होंने ग्रामवासियों से पूॅछा कि अध्यापक समय से विद्यालय आते हैं या नहीं, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, बच्चों को पाठय पुस्तक का वितरण हुआ या नहीं तथा ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य करते हैं कि नहीं, जिस पर ग्रामवासियो ने बताया कि अध्यापक विद्यालय समय से आते हैं एवं ठीक प्रकार से शिक्षण कार्य भी करते हैं। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम में स्थित विद्यालय का निरीक्षण कर 19 पैरामीटर के तहत कराए गए कार्यों, निपुण तालिका व शिक्षा की गुणवत्ता की जॉच कर आख्या उपलब्ध कराई जाय। उन्होंने सी.एच.ओ. से ग्राम में एच.आर.पी. महिलाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि एच.आर.पी. महिलाओं पर विशेष ध्यान दिया जाय एवं ड्यूलिस्ट के अनुसार टीकाकरण किया जाय। जिलाधिकारी ने ग्रामवासियों से गांव के सबसे नजदीक स्थित सामुदायिक/प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की, जिस पर ग्रामवासियों ने बताया कि अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही है। उन्होंने प्रभारी चिकित्साधिकारी को ग्राम में कैम्प लगाकर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं का टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिव को ग्राम के सभी हैण्डपम्पों के रिबोर कराकर क्रियाशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक विकास अधिकारी (पं0) को ग्राम में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।  मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने ग्रामवासियों से कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत कराए गए सर्वें में ग्राम में 281 लोग पात्र पाए गए हैं, जिनको शीघ्र ही लाभान्वित किया जाएगा। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की भी अपील की तथा जिला कृषि अधिकारी को शेष किसानों का फार्मर रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में ग्रामवासियों ने बताया कि संगम गेस्ट हाउस से ग्राम तक के संपर्क मार्ग का निर्माण जिला पंचायत द्वारा कराया गया था, जो खराब हो गई है, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत के माध्यम से सड़क का मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए। सहायक अभियंता, जल निगम ने कहा कि ग्राम में जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत मार्च, 2026 से पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने ग्रामवासियों को विभागीय योजनाओं/कार्यक्रमों की जानकारी देकर लाभ उठाने की अपील की। जिलाधिकारी ने नवनिर्मित अन्नपूर्णा भवन गुवारा तैयबपुर का फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं बच्चों को अन्नप्राशन भी कराया।