Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने किया जनगणना 2027 के फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

जिलाधिकारी ने किया जनगणना 2027 के फील्ड ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ

BALRAMPUR NEWS: कमाल खान(ब्यूरो प्रमुख) जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद बलरामपुर में फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विकास भवन परिसर स्थित जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर हॉल में आयोजित किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी विपिन कुमार जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं का निर्माण किया जाता है। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 पूर्णतया डिजिटल माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिससे आंकड़ों के संकलन, संधारण और विश्लेषण में पारदर्शिता एवं सटीकता सुनिश्चित होगी। जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। इस प्रक्रिया में नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध कराया गया है। इसके तहत 7 मई से 21 मई 2026 के बीच सामान्य परिवार स्वयं डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके पश्चात 22 मई से 20 जून 2026 के मध्य जनगणना प्रगणक एवं सुपरवाइजर अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर आवश्यक सूचनाओं का संकलन करेंगे। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सटीक और विश्वसनीय आंकड़ों के संकलन के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी फील्ड ट्रेनर्स से अपेक्षा की कि प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत वे जनपद में नियुक्त सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरो को भी गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करें, ताकि जनगणना की प्रक्रिया सुचारु और त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि फील्ड ट्रेनर्स के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम लखनऊ में प्रशिक्षित जनपद के मास्टर ट्रेनर चन्द्र मणि मिश्र एवं गोविन्द कुमार (डायट प्रवक्ता) द्वारा प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड ट्रेनर्स को डिजिटल एप्लिकेशन, डेटा संकलन की प्रक्रिया, सत्यापन प्रणाली तथा जनगणना से संबंधित अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद यही फील्ड ट्रेनर्स जनपद में नियुक्त सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरो को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे, जिससे जनगणना कार्य की तैयारी समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी , नायब तहसीलदार, जनपद के मास्टर ट्रेनर तथा जनगणना हेतु जिला प्रभारी महेन्द्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन द्वारा जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता के साथ पूर्ण हो सके।