Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से बारा तहसील में मचा हड़कंप, खामियों पर...

जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से बारा तहसील में मचा हड़कंप, खामियों पर जताई नाराजगी

PRAYAGRAJ NEWS:  जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा के औचक निरीक्षण से सोमवार को बारा तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। अचानक पहुंचे जिलाधिकारी ने करीब 3 घंटे तक तहसील में रहकर व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया । अभिलेखों एवम पत्रवालियो की जांच की। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सबसे पहले राजस्व अभिलेखागार, नाजिर शाखा, लेखा विभाग तथा न्यायालय कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतीक्षा सूची की फाइलों की स्थिति की जानकारी ली और पाया कि कई प्रकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित नहीं किए गए हैं। इस पर उन्होंने एसडीएम बारा एवं संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना चाहिए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में मौजूद अधिवक्ताओं ने भी जिलाधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली में सुधार, अभिलेखों के रख-रखाव तथा मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर ध्यान आकर्षित कराया। विशेष रूप से तहसील परिसर में शौचालय व्यवस्था की दयनीय स्थिति को लेकर अधिवक्ताओं ने नाराजगी जताई और जिलाधिकारी से स्थलीय निरीक्षण करने का आग्रह किया। अधिवक्ताओं के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने तत्काल संबंधित स्थान का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि शौचालयों की सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। इस पर उन्होंने एसडीएम बारा को निर्देशित किया कि तहसील परिसर में शौचालयों की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं एवं आमजन के लिए स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य है। इस संबंध में नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता तथा रखरखाव की निगरानी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने तहसील कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में देरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और अधिकारी व कर्मचारी अभिलेखों को दुरुस्त करते नजर आए। करीब तीन घंटे तक चले निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ बैठक कर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उनके इस औचक निरीक्षण से तहसील प्रशासन में सतर्कता बढ़ी है और व्यवस्था सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।