Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ‘आत्मा’ योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ‘आत्मा’ योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एण्ड टेक्नोलॉजी के सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर (आत्मा) योजना के गवर्निंग बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह भी उपस्थित थे। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (दलहन), मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम, सीड मनी रिवाल्विंग फंड, मोबलाइजेशन किसान ग्रुप और नेशनल मिशन ऑन एडिबिल ऑयल जैसी विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की और वर्ष 2025-26 के लिए प्राप्त लक्ष्यों को समिति द्वारा अनुमोदित किया गया।
उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकी की जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। इस क्रम में, जनपद के प्रत्येक विकास खंड से 5 कृषकों को, कुल 70 किसानों को, प्रदेश के बाहर भेजकर प्रशिक्षण दिलाया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसानों को मसूर की खेती करने के लिए प्रेरित किया जाए और किसान पाठशाला के माध्यम से चिह्नित किए गए खरीफ फसलों की खेती को मानक के अनुरूप कराया जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कृषि विभाग द्वारा प्रदर्शन के लिए जो बीज किसानों को दिए जाते हैं, उनका उपयोग किसान खेती में अवश्य करें।
इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने बकरी पालन के प्रशिक्षण के लिए किसानों को मथुरा भेजने और मत्स्य पालन का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले किसानों को छत्तीसगढ़ भेजने का निर्देश दिया। बैठक में उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी मो. मुजम्मिल, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।