SIDHARTHNAGAR NEWS: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में जिला स्तरीय पोषण समिति/जिला कन्वर्जेंस समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने विगत माह की अनुपालन आख्या की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि शत-प्रतिशत फेस वेरीफिकेशन सुनिश्चित हो। संभव अभियान 5.0 के अंतर्गत बीएचएनडी दिवस पर सैम बच्चों को चिन्हित कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा पोषण ट्रैकर और ई-कवच पोर्टल पर डेटा फीडिंग अनिवार्य की जाए। टेक होम राशन सभी पात्र लाभार्थियों को वितरित किया जाए और बीएचएनडी दिवस पर पोषाहार वितरण के साथ गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया जाए। डीएम ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग और बाल विकास विभाग का डेटा एक समान होना चाहिए। उन्होंने टीएचआर प्लांट द्वारा प्रतिदिन उत्पादन सुनिश्चित करने एवं उसका नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बीएचएनडी दिवस पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री के दोनों रजिस्टर—गर्भवती महिलाओं और सैम/मैम बच्चों का विवरण सहित—पूरे होने चाहिए और उनका मिलान एएनएम एवं आशा के रजिस्टर से किया जाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही आशा, आंगनबाड़ी और एएनएम की संयुक्त बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया। डीएम ने चेतावनी दी कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को समय से पोषाहार उपलब्ध कराने और पुष्टाहार वितरण में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी सीडीपीओ और सुपरवाइजर को निर्देशित किया गया कि वीएचएनडी के दौरान सैम, मैम बच्चों और गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य रूप से कराया जाए तथा प्रत्येक ब्लॉक से कम से कम 20 सैम बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया जाए। साथ ही यह भी तय किया गया कि बीएचएनडी दिवस पर बुधवार और शनिवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्री व मुख्य सेविका अवकाश पर नहीं जाएंगी, केवल अपरिहार्य स्थिति में ही छुट्टी दी जाएगी। बैठक में होम विजिट एवं पोषण ट्रैकर की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित समस्त सीडीपीओ, सुपरवाइजर और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







