शिया जामा मस्जिद में सजी नूरानी महफ़िल, शायरों ने पेश किए
मनकबत व कसीदे, अमन-चैन की हुई दुआ
KAUSHAMBI NEWS: नगर पंचायत दारानगर कड़ा धाम स्थित शिया जामा मस्जिद में हज़रत इमाम हसन की विलादत के मुबारक मौके पर एक भव्य और रूहानी महफ़िल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शायरों और बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत की। मस्जिद परिसर को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल नूरानी हो उठा। महफ़िल की शुरुआत मौलाना सय्यद आबिद हुसैन रिज़वी ने कुरान पाक की तिलावत से की। अपने बयान में उन्होंने इमाम हसन की सीरत, उनके सब्र, सखावत और उम्मत की भलाई के लिए किए गए त्याग पर विस्तार से रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि इमाम हसन की जिंदगी अमन भाईचारे और इंसानियत का पैगाम देती है।इसके बाद शायरों ने अपने-अपने कलाम पेश किए और अहलेबैत की शान में मनकबत व कसीदे पढ़े।
अली की गोद में पला वो किरदार हसन
वफ़ा का उजाला है नामदार हसन
इन अशआर पर महफ़िल में मौजूद लोगों ने खूब दाद दी और अपनी अकीदत का इज़हार किया। पूरी फिज़ा सलाम और नारे-ए-तकबीर से गूंजती रही।कार्यक्रम के अंत में मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और कौमी एकता के लिए खास दुआ कराई गई।







