Home उत्तर प्रदेश जल जीवन मिशन से बदली सोहनरिया की तस्वीर, हर घर तक पहुंच...

जल जीवन मिशन से बदली सोहनरिया की तस्वीर, हर घर तक पहुंच रहा शुद्ध पेयजल: मुख्य अभियन्ता

सोहनरिया ग्रामीण पेयजल योजना का निरीक्षण, ग्रामीणों ने नियमित जलापूर्ति और बेहतर स्वास्थ्य पर जताया संतोष
JHANSI NEWS: जनपद के विकास खण्ड पडरौना स्थित ग्राम पंचायत सोहनरिया में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित ग्रामीण पेयजल योजना का निरीक्षण मुख्य अभियन्ता (गो०क्षे०), उ०प्र० जल निगम (ग्रामीण), गोरखपुर वी.पी. सिंह की अध्यक्षता में किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता सुनील कुमार, संबंधित सहायक अभियन्ता, जूनियर इंजीनियर, कार्यदायी संस्था मे० एन०सी०सी० लिमिटेड के प्रतिनिधि, डीपीएमयू एवं टीपीआईए के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधान जितेन्द्र राजभर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। मुख्य अभियन्ता वी.पी. सिंह ने बताया कि जनपद कुशीनगर में जल जीवन मिशन के फेज-3 के अंतर्गत स्वीकृत सोहनरिया ग्राम पंचायत पेयजल योजना का निर्माण कार्य मे० एन०सी०सी० लिमिटेड द्वारा पूर्ण कराया गया है। योजना के अंतर्गत एक नलकूप (पम्पिंग प्लांट एवं सोलर प्रणाली सहित), 275 किलोलीटर क्षमता एवं 12 मीटर स्टेजिंग वाला एक शिरोपरि जलाशय, एक पम्प हाउस, बाउंड्रीवाल एवं मुख्य द्वार, 11.9 किलोमीटर लंबी वितरण पाइपलाइन तथा 678 गृह जल संयोजन स्थापित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियन्ता ने ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के महत्व, उसके समुचित उपयोग तथा जल संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया। साथ ही योजना के संचालन एवं नियमित जलापूर्ति के संबंध में ग्रामीणों से सीधे संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है, जिससे पेयजल संबंधी समस्याओं का समाधान हुआ है तथा उनके स्वास्थ्य एवं जीवनशैली में उल्लेखनीय सकारात्मक परिवर्तन आया है। ग्राम प्रधान एवं ग्रामीणों ने सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए आभार भी व्यक्त किया। मुख्य अभियन्ता ने बताया कि जनपद कुशीनगर में जल जीवन मिशन के फेज-2 एवं फेज-3 के अंतर्गत कुल 453 ग्रामीण पेयजल योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। इन योजनाओं के माध्यम से जनपद की 667 ग्राम पंचायतों के 904 राजस्व ग्रामों में 3,34,718 गृह जल संयोजन उपलब्ध कराए जाने का लक्ष्य है। इसके लिए 454 ट्यूबवेल (पम्पिंग प्लांट सहित), 454 पम्प हाउस, 454 शिरोपरि जलाशय तथा 6,448 किलोमीटर वितरण प्रणाली प्रस्तावित है। अब तक 454 ट्यूबवेल, 442 पम्प हाउस, 250 शिरोपरि जलाशय तथा 6,252 किलोमीटर वितरण प्रणाली का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। इन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कर प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण पेयजल योजनाओं से संबंधित किसी भी समस्या की शिकायत दर्ज कराने अथवा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए “जल सारथी ऐप” का उपयोग किया जा सकता है। यह ऐप आमजन को त्वरित सूचना एवं शिकायत निस्तारण की सुविधा प्रदान कर रहा है।