FATEHPUR NEWS: बिंदकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत अभयपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन को लेकर ग्रामीण ने जहानाबाद विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह पटेल को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ग्राम पंचायत अभयपुर निवासी नीरज कुमार निषाद ने शिकायती पत्र में बताया कि अभयपुर में बिंदकी फार्म का प्राथमिक विद्यालय वर्ष 2011-12 में निर्मित कराया गया था। आरोप है कि निर्माण के दौरान गुणवत्ता का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा गया, जिसके चलते कुछ वर्षों में ही विद्यालय भवन जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक बारिश के दौरान विद्यालय के कक्षों और कार्यालय में छत से पानी टपकता है। छत की सरिया भी कई स्थानों पर बाहर दिखाई देने लगी है। उनका आरोप है कि भवन की छत की ढलाई भी मानकों के अनुरूप नहीं कराई गई, जिसके कारण बारिश के समय पानी रिसने की समस्या बनी रहती है। इससे जहां शिक्षण कार्य प्रभावित होता है, वहीं विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है। नीरज कुमार निषाद ने विधायक से विद्यालय भवन के निर्माण की गुणवत्ता की तत्काल जांच कराने तथा वर्तमान स्थिति को देखते हुए जर्जर भवन की मरम्मत या आवश्यकता पड़ने पर पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। साथ ही संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की भी मांग की गई है। शिकायती पत्र पर विधायक राजेंद्र सिंह पटेल की ओर से कार्रवाई के लिए लिखित टिप्पणी किए जाने की बात भी सामने आई है। अब ग्रामीणों और अभिभावकों की नजर संबंधित विभाग की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।







