PRATAPGARH NEWS: जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गये। वही मारपीट के दौरान अवैध तमंचा लहराने व फायरिंग से दहशत का माहौल बन गया। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है। लीलापुर थाना क्षेत्र के घूरीपुर गांव में रघुराज सिंह पुत्र रामप्रसाद सिंह व रामजियावन वर्मा पुत्र सुकुरू के बीच में जमीन का विवाद चला आ रहा है। इसी रंजिश को लेकर सोमवार की सुबह करीब सात बजे दोनों पक्ष आमने सामने हो गये। विवाद बढ़ने पर हुई मारपीट के दौरान दोनों पक्ष से कई लोग चुटहिल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजवाया। घटना को लेकर दोनों पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक मनोज पाण्डेय का कहना है कि जमीन की रंजिश में दो पक्षों मे मारपीट हुई है, जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।







