Home उत्तर प्रदेश जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा...

जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रवादी पार्टी ने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: राष्ट्रवादी पार्टी विधानसभा अयाहशाह-241 के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में सड़क, बिजली, पेयजल, जल जीवन मिशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई। पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं प्रयागराज मंडल प्रभारी रामकिशोर सिंह ने कहा कि अयाहशाह विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि अयाह बाजार से भगवानपुर बनकटा तक जाने वाली ग्रामीण सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि पैदल और वाहन से आवागमन करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सड़क की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की। ज्ञापन में भगवानपुर से पहाड़पुर तक लगभग एक किलोमीटर लंबे जर्जर खरंजे के पुनर्निर्माण की मांग भी उठाई गई। आरोप लगाया गया कि विकास कार्यों के प्रति संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों ने गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। पार्टी नेताओं ने ग्राम सभा कोर्राकनक, मैनाही का डेरा, चन्दगण लखनहा, सेमरई, बनकटा और दसौली का पुरवा मजरे अढ़ावल सहित कई गांवों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कई स्थानों पर पाइपलाइन बिछा दी गई है, लेकिन पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। कई गांवों में पानी की टंकियां अधूरी पड़ी हैं, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि मैनाही का डेरा मजरे कोर्राकनक में पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कें क्षतिग्रस्त कर दी गईं, लेकिन उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। वहीं चन्दगण लखनहा में लगभग तीन किलोमीटर लंबी ग्रामीण सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। दसौली का पुरवा मजरे अढ़ावल में बिजली के खंभे लगाए जाने के बावजूद अब तक तार नहीं खींचे गए हैं और न ही विद्युत आपूर्ति शुरू की गई है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी प्रकार बनकटा गांव में जर्जर खरंजा, नाली के अभाव और जलभराव की समस्या को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। राष्ट्रवादी पार्टी ने फतेहपुर शहर में भीषण गर्मी के दौरान हो रही बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि कई क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आमजन को परेशानी हो रही है। पार्टी ने विद्युत व्यवस्था में सुधार कर निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा गया कि यदि जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का आक्रोश और बढ़ सकता है। इस अवसर पर राष्ट्रवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी प्रयागराज रामकिशोर सिंह, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष मंजू देवी, जयप्रकाश सिंह, कंचन सिंह, रामसनेही, शिवनारायण सिंह, रघुराज गिरी, कुंती देवी, शिव भोला, गजोधर, सत्येंद्र सिंह, अमित कुमार, अर्जुन सिंह, ललित कुमार, राम मनोहर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।