Home उत्तर प्रदेश जन चौपाल में सांसद ने सुनी जनता की समस्याएं

जन चौपाल में सांसद ने सुनी जनता की समस्याएं

जनता की समस्याओं के निस्तारण पर सख्त सांसद, कहा– प्रशासन दे त्वरित राहत

JHANSI NEWS: झांसी-ललितपुर सांसद अनुराग शर्मा ने तहसील सभागार टहरौली में आयोजित जन चौपाल के माध्यम से क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जन चौपाल में सबसे अधिक शिकायतें विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। सांसद ने विभागीय अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि लोगों के विद्युत बिल आपूर्ति से कहीं अधिक आ रहे हैं, जो कि गंभीर समस्या है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस समस्या का तत्काल समाधान किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके। इस दौरान लगभग  300 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनमें अधिकांश किसानों ने खरीफ की बर्बाद फसल का मुआवजा दिए जाने की मांग की। बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पप्पू पुरैनिया ने सांसद से मुलाकात कर किसानों के लिए फसल मुआवजे की व्यवस्था करने और क्रेडिट कार्ड ऋण माफ किए जाने की मांग रखी। इसी क्रम में आशीष उपाध्याय ने टहरौली खास में गौशाला निर्माण तथा लक्ष्मण सागर तालाब से हुलकी माता मंदिर, कब्रिस्तान होते हुए कुम्हरिया तक सड़क बनाए जाने की मांग प्रस्तुत की। टहरौली किला शिवाजी नगर के निवासियों ने सीसी रोड निर्माण की आवश्यकता बताई। वहीं, राजकुमार रिंकू दीक्षित और नीलेश द्विवेदी ने टहरौली को नगर पंचायत घोषित करने की मांग रखी। कुछ ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग भी की। सांसद अनुराग शर्मा ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि जनता की प्रत्येक मांग को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल, ब्लॉक प्रमुख राज कांतेश वर्मा, उपजिलाधिकारी टहरौली गौरव आर्य, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार राय, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर हरिपति सहाय कौशिक, हल्कू महाराज, पुष्पेन्द्र महाराज, मनीष दीक्षित, प्रतीक द्विवेदी, सचिन, मंडल अध्यक्ष रजनीश कंजर, रिंकू दीक्षित, नीलेश द्विवेदी, गुड्डी रानी पटेल, रजनी गौतम सदस्य जिला पंचायत, अंजलि शर्मा, आशीष उपाध्याय, रविन्द्र कुमार सोनी, रुचि खरे, संजीव बिरथरे, हरीश सोनी, हुकुम सिंह राजपूत, अमित व्यास, भूपेन्द्र राय, दीपक दुबे, संतोष शर्मा, सत्येन्द्र प्रताप, राघवेन्द्र बुंदेला, अंकित सिंह, मानवेन्द्र सिंह, धीरेंद्र बुंदेला, राकेश पांडे, कपिल घोष सहित बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता एवं भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।