श्रद्धालुओं ने माथा टेक की सुख, शांति और तरक्की की प्रार्थना
FATEHPUR NEWS: श्रीगणेश उत्सव के पावन अवसर पर जिलेभर में धार्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दे रहा है। नगर से लेकर कस्बों और गांवों तक गजानन की प्रतिमाओं की स्थापना धूमधाम से की गई। जगह-जगह पंडाल सजे हैं और भक्ति संगीत की गूंज वातावरण को भक्तिमय बना रही है। फतेहपुर शहर के चौक, पत्थरकटा, बिंदकी रोड, देवीगंज और ज्वाला नगर सहित विभिन्न मोहल्लों में आकर्षक पंडाल बनाए गए हैं, जहां भक्तजन सुबह-शाम आरती व पूजा-पाठ कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक गणेश आराधना में शामिल होकर अपनी-अपनी मन्नतें मांग रहे हैं। कई स्थानों पर सुंदर झांकियों और लाइटिंग से पंडालों को विशेष रूप से सजाया गया है, जिससे वातावरण और भी दिव्य हो गया है। ग्रामीण इलाकों—खागा, हथगांव, धाता, अमौली, असोथर, भिटौरा, विजयीपुर और ऐरायां ब्लॉक सहित अन्य ब्लॉक के गांवों में भी श्रद्धालुओं ने अपने स्तर पर गणपति प्रतिमाएं स्थापित की हैं। यहां ग्रामीण महिलाएं प्रतिदिन भजन-कीर्तन का आयोजन कर रही हैं, वहीं युवा वर्ग सेवा समितियां बनाकर व्यवस्था संभाल रहे हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में भी विशेष भीड़ देखने को मिल रही है। श्रद्धालुओं का मानना है कि विघ्नहर्ता भगवान गणेश की आराधना से घर-परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। कई भक्तों ने स्वास्थ्य, संतान सुख और व्यवसाय में उन्नति के लिए गणपति बप्पा से आशीर्वाद मांगा। पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटिंग, फूलों और धार्मिक झांकियों से सजाया गया है। कहीं शिव-गौरी विवाह की झांकी बनाई गई है तो कहीं राम-सीता स्वंयवर की झलक दिखाई दे रही है। महिलाएं सुहागिन रूप में मंगलगीत गा रही हैं, वहीं बच्चे और युवा ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्ति नृत्य कर रहे हैं। पंडालों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष इंतज़ाम किए हैं। नगर पालिका ने सफाई और रोशनी की व्यवस्था पर ध्यान दिया है, वहीं पुलिस द्वारा प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। श्रद्धा और आस्था के इस माहौल में गली-गली “गणपति बप्पा मोरया” की गूंज सुनाई दे रही है। आने वाले दिनों में भजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विसर्जन यात्रा की तैयारियां भी जोरों पर हैं।







