प्रयागराज। मिशन शक्ति -5.0 अभियान के अन्तर्गत नवरात्र में बेसिक शिक्षा विभाग ने बेटियों को सशक्त बनाने की पहल किया है। इसी के अन्तर्गत मंगलवार को बालिकाओं ने प्रशासनिक कामकाज संभाला। उच्च प्राथमिक विद्यालय सुजौना जसरा प्रयागराज में कक्षा 6 की छात्रा प्रतीक्षा ने एक दिन के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक का उत्तरदायित्व निभाया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्यामाकांत द्विवेदी ने प्रतीक्षा को विद्यालयी कार्यप्रणाली और उसके क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की इस शानदार पहल से बच्चों के अंदर आत्मविश्वास पैदा होता है और वह भविष्य में अच्छा करने के लिए प्रेरित होते हैं। विद्यालय की मीना मंच की नोडल शिक्षिका नाज़िया सुल्ताना ने बताया कि मिशन शक्ति महिलाओं और बालिकाओं के स्वावलंबन का प्रतीक है, क्योंकि इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक भारतेन्दु त्रिपाठी, इरफ़ान अहमद, जितेन्द्र कुमार शर्मा, आशीष कुमार गुप्ता, शरद कुमार, शिशिर जायसवाल, राकेश कुमार,पूनम तिवारी,पंकज कुमार गुप्ता आदि लोग उपस्थित रहे।







