Home उत्तर प्रदेश चौधरी राजेश यादव ने शिवम सिंह यादव को किया सम्मानित

चौधरी राजेश यादव ने शिवम सिंह यादव को किया सम्मानित

युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत

FATEHPUR NEWS:  जनपद के ग्राम साढ़ो का पुरवा (अहिरन का पुरवा) निवासी प्रतिभाशाली युवा शिवम सिंह यादव के एसएससी सीजीएल परीक्षा के माध्यम से आयकर विभाग में चयनित होने पर उनका भव्य सम्मान किया गया। अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा प्रभारी चौधरी राजेश यादव अपनी टीम के साथ शिवम के आवास पहुंचे और उन्हें राधा-कृष्ण की सुंदर प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ शिवम की इस उपलब्धि का स्वागत किया। चौधरी राजेश यादव ने कहा कि शिवम सिंह यादव की सफलता कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर इस तरह की उपलब्धि हासिल करना आसान नहीं होता, लेकिन दृढ़ संकल्प और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर मंजिल पाई जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिवम से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए लगातार प्रयासरत रहें। सम्मान से अभिभूत शिवम सिंह यादव ने अपने माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और आशीर्वाद का परिणाम है। साथ ही युवाओं से मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी शिवम को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सभी ने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। इस मौके पर नरसिंह, भूप सिंह यादव, सत्यम यादव, बीडीसी युवा नेता सुरेश सिंह, कुल्लू यादव, प्रताप यादव, पूर्व सब-इंस्पेक्टर जय सिंह यादव, शुभम यादव, गुड्डू यादव सहित क्षेत्र के कई सम्मानित लोग मौजूद रहे।