SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में ठंड के मौसम के मद्देनजर चोरी, नकबजनी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन में सोमवार की रात जिले भर में “ऑपरेशन ऑल आउट” के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों ने अपनी टीमों के साथ चिह्नित हॉट स्पॉट और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की सघन तलाशी ली। अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना और अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करना है। पुलिस टीमों ने अलग-अलग महत्वपूर्ण केंद्रों पर नाकेबंदी कर वाहनों के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। विशेष रूप से ठंड के मौसम में सक्रिय होने वाले चोर-उचक्कों और नकबजनी करने वाले गिरोहों पर पैनी नजर रखी जा रही है। पुलिस की इस सक्रियता से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की सघन चेकिंग आगे भी निरंतर जारी रहेगी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने आम जनता से भी संवाद स्थापित किया और उनसे सुरक्षा में सहयोग की अपील की। लोगों को जागरूक करते हुए कहा गया कि वे अपने आस-पास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क नजर रखें। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वाहन नजर आए, तो उसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने या यूपी डायल-112 पर साझा करें। पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग और पुलिस की सतर्कता से ही अपराध मुक्त वातावरण तैयार किया जा सकता है।







