Home उत्तर प्रदेश चोरी-लूट पर लगाम के लिए 28 हॉटस्पॉट पर बनेगी अस्थाई पुलिस चौकी

चोरी-लूट पर लगाम के लिए 28 हॉटस्पॉट पर बनेगी अस्थाई पुलिस चौकी

एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने अपराध समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, एक सप्ताह में चेक पोस्ट बनाने और नियमित गश्त के आदेश
FATEHPUR NEWS: चोरी, छिनैती और लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 28 नट डेरा और कंजर डेरा हॉटस्पॉट चिन्हित किए हैं। इन सभी स्थानों पर एक सप्ताह के भीतर अस्थाई पुलिस चौकी या चेक पोस्ट स्थापित कर नियमित पुलिस गश्त और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसपी ने चोरी, छिनैती एवं लूट की घटनाओं की समीक्षा की। इस दौरान चिन्हित हॉटस्पॉट पर पुलिस की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित करने के साथ शराब और गांजा की अवैध बिक्री व तस्करी, जुआ तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश थाना प्रभारियों को दिए गए। एसपी ने स्पष्ट किया कि हॉटस्पॉट क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए। थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करें। मलवां थाना क्षेत्र में जगन्नाथपुर डेरा को चिन्हित किया गया है। खागा क्षेत्र में करसुआ, हरदों नट डेरा/लाखीपुर नट डेरा, पचीसा नट डेरा और वनपुरवा शामिल हैं। खखरेरू थाना क्षेत्र में सराय बहलोल/हकीमपुर खन्तवा/पौली, तलवापर और नट का मोहल्ला, जबकि धाता में विरसिंहपुर तथा ललौली में जजरहा को हॉटस्पॉट बनाया गया है। गाजीपुर थाना क्षेत्र में शाह, सेवरामऊ और डुंडरा/मिर्जापुर, चांदपुर में केवलापुर, सेलावान, गौरी और चकमदा जौनपुर, जबकि बकेवर में बेंता और पल्थाहार/बिजौली चिन्हित किए गए हैं। जहानाबाद क्षेत्र में नुनारा और जाफरपुर, थरियांव में बहरामपुर कंजड़ डेरा और दिहुली नट डेरा, हथगांव में इस्लामनगर नट डेरा/चकभुनगापुर नट डेरा, कुर्मिन का पुरवा तथा बजहाकुटी/जानिकपुर शामिल हैं। राधानगर थाना क्षेत्र में विनोबानगर और कासिमपुर रमवा को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी 28 स्थानों पर निर्धारित समय में अस्थाई पुलिस चौकी/चेक पोस्ट स्थापित कर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जाए। साथ ही अवैध शराब, गांजा, जुआ और अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार निगरानी करते हुए दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय समेत संबंधित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।