लापरवाही मिलने पर दोषियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की सीडीओ ने दी चेतावनी
PRATAPGARH NEWS: सावन मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों के सिलसिले में सीडीओ ने सोमवार को बाबा घुइसरनाथ धाम में निरीक्षण किया। सोमवार की सुबह बाबा धाम पहुंची सीडीओ डॉ0 दिव्या मिश्रा ने पहले भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। दर्शन पूजन के पश्चात वह सावन मेले को लेकर बाबा धाम में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। बाबा धाम परिसर में फैली गन्दगी को तत्काल साफ करवाने के लिए पर्याप्त मात्रा में स्वच्छताकर्मियों को तैनात करने का निर्देश सांगीपुर के खण्ड विकास अधिकारी को दिया। उन्होनें कहा कि मेला क्षेत्र में गंदगी मिलने पर सफाईकर्मियों व दोषी अफसरों के खिलाफ प्रतिकूल प्रवृष्टि देने के साथ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होनें श्रद्धालुओं व कांवड़ यात्रियों के लिए ऑडीटोरियम को तैयार करने की बात कही। सीडीओ ने साफ सफाई के साथ ही मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वास्थ्य टीम, प्रकाश व सई तट पर बैरीकेटिंग आदि के बारे में भी बीडीओ को निर्देशित किया। प्रधान प्रतिनिधि आशुतोष मिश्र से भी आवश्यकतानुसार सहयोग करने की बात भी सीडीओ ने कही। इस मौके पर बीडीसी चन्दन मिश्र, छोटू तिवारी, व्यापार मण्डल अध्यक्ष अखिलेश मिश्र, रोहित श्रीवास्तव, विपिन पाण्डेय, आशीष, विक्की आदि मौजूद रहे।







