Home उत्तर प्रदेश ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग सीजन-1 का भव्य आगाज, शाइन स्ट्राइकर्स और अमरजई...

ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग सीजन-1 का भव्य आगाज, शाइन स्ट्राइकर्स और अमरजई इलेवन ने दर्ज की जीत

FATEHPUR NEWS: आरवीएस स्कूल के पास बांदा-सागर रोड स्थित ग्रीन बॉक्स मैदान में ग्रीन बॉक्स प्रीमियर लीग सीजन-1 के लीग मुकाबलों का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डॉ. ज्ञानेन्द्र सचान ‘ज्ञानू’ ने दीप प्रज्वलित कर टूर्नामेंट का उद्घाटन किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। टूर्नामेंट के पहले दिन दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले मैच में शाइन स्ट्राइकर्स का मुकाबला कचेहरी स्टार्स से हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए शाइन स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 12 ओवरों में 4 विकेट के नुकसान पर 157 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाज अरुण ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 50 गेंदों में नाबाद 134 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। जवाब में कचेहरी स्टार्स की टीम निर्धारित 12 ओवरों में 4 विकेट पर 91 रन ही बना सकी। इस प्रकार शाइन स्ट्राइकर्स ने 66 रनों से शानदार जीत दर्ज की। शानदार शतकीय पारी के लिए अरुण को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरे मुकाबले में अम्बेडकर इलेवन और अमरजई इलेवन आमने-सामने थीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए अम्बेडकर इलेवन ने 12 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 96 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमरजई इलेवन ने 9.4 ओवरों में 3 विकेट खोकर 98 रन बनाते हुए 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अमरजई इलेवन की जीत में वाइस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने गेंदबाजी में 2 विकेट हासिल किए और बल्लेबाजी में नाबाद 40 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर आशीष शुक्ला ‘जीतू’, देवेन्द्र प्रकाश द्विवेदी, अमित श्रीवास्तव, श्रीश शुक्ला, अभिषेक सेंगर, विश्वनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।