FATEHPUR NEWS: बिंदकी तहसील के ग्राम मीरमऊ के किसानों ने ग्राम प्रधान के विरुद्ध जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। किसानों का कहना है कि प्रधान ने कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए अन्य किसानों के खेतों को नुकसान पहुंचाया है।
ग्रामीणों का कहना रहा है कि प्रधान ने रास्ता बनाने के दौरान जेसीबी से किसानों की जमीन की मिट्टी निकाली। इससे खेतों में गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीण दुर्गा प्रसाद और रामू के अनुसार रात 12 बजे उनके खेतों के बीच से पानी निकासी के लिए पाइप डाल दिया गया। इस कारण उनकी फसलें खराब हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम समाज की दो बीघा खाली जमीन है। पहले वहीं से पानी निकलता था। अब ग्राम प्रतिनिधि ने उस जमीन पर कब्जा कर लिया है इसलिए किसानों की जमीन से जबरन पानी निकाला जा रहा है। किसानों ने प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। उनकी मांग है कि पाइप हटाकर ग्राम समाज की खाली जमीन से पानी निकासी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे खुद पाइप हटा देंगे। इसके बाद होने वाली किसी घटना के लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि शिकायत की जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई की जाएगी।







