SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास क्षेत्र शोहरतगढ़ के कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय लेदवा, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परसिया एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय भाद मुस्तहकम में गुरुवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि विधायक विनय वर्मा ने हाल ही में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, शील्ड और ग्यारह-ग्यारह हजार रुपये की नगद धनराशि देकर सम्मानित किया।विधायक ने कहा कि ग्रामीण अंचल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित मंच और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने खेल के क्षेत्र में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय लेदवा के शिक्षक मुस्तन शेरुल्लाह को राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित होने पर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रामदास मौर्य, विजय गुप्ता, अनिल मिश्रा, विवेक कुमार, विजय पांडेय, प्रधानाचार्य अमरेश कुमार, संतोष कुमार, वार्डेन नीलम चतुर्वेदी सहित अनेक शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







