Home उत्तर प्रदेश गौशाला बनी मानसरोवर, पांच फीट पानी में फंसे गोवंश

गौशाला बनी मानसरोवर, पांच फीट पानी में फंसे गोवंश

देर रात प्रशासनिक टीम ने ग्रामीणों के साथ चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, गोवंशों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया
FATEHPUR NEWS: जनपद के ऐरायां विकास खंड स्थित सुल्तानपुर घोष स्थाई गौशाला में भारी जलभराव के बाद हड़कंप मच गया। गौशाला परिसर में करीब पांच फीट तक पानी भर जाने से बड़ी संख्या में गोवंशों के सामने संकट खड़ा हो गया। अचानक हुए जलभराव के कारण पशुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और गौशाला का पूरा परिसर मानो तालाब में तब्दील हो गया। बताया जा रहा है कि भारी मात्रा में पानी गौशाला परिसर में भरने के बाद देर रात इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही खंड विकास अधिकारी के नेतृत्व में ब्लॉक के दर्जनों कर्मचारी मौके पर पहुंचे और गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में मदद के लिए आगे आए। करीब आधा सैकड़ा ग्रामीणों की सहायता से पानी में फंसे गोवंशों को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया गया। पांच फीट तक भरे पानी के बीच चलाए गए इस रेस्क्यू अभियान में कर्मचारियों और ग्रामीणों ने मिलकर गोवंशों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। ग्राम प्रधान/प्रशासक संजीत सिंह ने बताया कि जलभराव के कारण गौशाला में रखा करीब 35 बोरी कपिला पशुआहार, कई कुंटल भूसा तथा इन्वर्टर-बैटरी सहित अन्य सामान पानी की चपेट में आ गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं ग्राम पंचायत सचिव समित कुमार ने बताया कि सभी गोवंशों को कैटलशेड से निकालकर दूसरे सुरक्षित गौशाला परिसर में व्यवस्थित किया जा रहा है। प्रशासनिक टीम की ओर से लगातार राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है, ताकि किसी भी गोवंश को नुकसान न पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना रहा। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सूचना मिलने के बाद रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।