Home उत्तर प्रदेश गोमती नदी पर पान्टून सेतु का लोकार्पण, आवागमन हुआ सुगम

गोमती नदी पर पान्टून सेतु का लोकार्पण, आवागमन हुआ सुगम

राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले—“विकास की गति को और तेज कर रही सरकार”
JAUNPUR NEWS: प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को गोमती नदी पर बदलापुर पड़ाव के पास सोनकर बस्ती से तुतीपुर के बीच नवनिर्मित पान्टून सेतु का लोकार्पण किया। इस पुल के बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और समय की बचत भी होगी। 66.75 लाख रुपये की लागत से बने पान्टून सेतु का लोकार्पण किया गया। यह पुल गोमती नदी पर बदलापुर पड़ाव के समीप सोनकर बस्ती से तुतीपुर को जोड़ता है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। यह पान्टून सेतु क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा और आवागमन को सरल बनाएगा।”
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर गांव और हर बस्ती को बेहतर सड़क और संपर्क सुविधाओं से जोड़ना है, जिससे लोगों का जीवन स्तर सुधरे और क्षेत्र का समग्र विकास हो सके। स्थानीय लोगों ने पुल के निर्माण पर खुशी जताते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया। इस पान्टून सेतु के निर्माण से खासकर बरसात के समय होने वाली समस्याओं से राहत मिलेगी।