Home आस्था गो संरक्षण को लेकर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन, कठोर कानून बनाने की...

गो संरक्षण को लेकर राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन, कठोर कानून बनाने की उठाई मांग

JHANSI NEWS: गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत सोमवार को जिलाधिकारी झांसी के माध्यम से राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती अनुराधा शर्मा एवं राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अर्जरिया के नेतृत्व में सौंपा गया। ज्ञापन में केंद्र सरकार से मांग की गई कि भारत में गो तस्करी और गोवध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए सख्त एवं प्रभावी कानून बनाया जाए। ज्ञापन में कहा गया कि भारत की भूमि को गोहत्या से पूर्णतः मुक्त किया जाना चाहिए। उनका कहना था कि जब धरती गौवंश के रक्त से रंजित नहीं होगी, तभी रामराज्य की संकल्पना साकार होगी, समाज में समरसता और एकता का वातावरण बनेगा तथा भारत पुनः विश्वगुरु के पद पर प्रतिष्ठित होगा।
आयोजकों ने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में जून माह के दौरान देश की लगभग 5,000 तहसीलों में ज्ञापन प्रेषित किए गए थे। अभियान का अगला चरण अगस्त माह में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर समाजसेवी पंकज गुप्ता, दिलीप तिवारी, गुड्डू शर्मा, देवेंद्र तिवारी, शुभम सोनी, हेतराम रामायणी (संकीर्तन मंडल), ए.के. भट्ट (प्रभात फेरी मंडल), पुष्पा दीक्षित, चंचल मिश्रा, प्रियांशु सोनी, गजेंद्र राजपूत, ध्रुव, दिनेश सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।