Home आस्था गुरू पूर्णिमा 10 को, आश्रमों में तैयारियां शुरू

गुरू पूर्णिमा 10 को, आश्रमों में तैयारियां शुरू

77
0

देश के कोने – कोने से बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित शामिल होते है गुरु पूजन में

गुरू – शिष्य का होता है सबसे पवित्र रिश्ता : स्वामी ब्रह्माश्रम महराज

प्रयागराज। गुरु पूर्णिमा महोत्सव 10 जुलाई गुरूवार को है। प्रयागराज के संत, महात्माओं के आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव की तैयारियां व्यापक स्तर पर शुरू हो गयी है। जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती महराज के अलोपीबाग स्थित आश्रम में भव्य आयोजन किया जा रहा है, जहां पर बड़ी संख्या में देश के कोने – कोने से बड़ी संख्या में शिष्यगण गुरु मंत्र लेंगे और गुरु पूर्णिमा महोत्सव के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया है।‌
श्रीबाघम्बरी मठ, अल्लापुर में महंत बलवीर गिरी के नेतृत्व में गुरु पूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। अखाड़ा परिषद के ब्रह्मलीन अध्यक्ष स्वामी नरेन्द्र गिरी के पूजन से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा, बाद में शिष्यगण महंत बलबीर गिरी का पूजन और गुरुमंत्र (दीक्षा) लेंगे , तत्पश्चात विशाल भण्डारे में बड़ी संख्या में शिष्य प्रसाद ग्रहण करेंगे। श्रृंगवेरपुर धाम के जगद्गुरु नारायणाचार्य स्वामी शांडिल्य महराज के आश्रम श्रृंगवेरपुर में विशाल गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन सुबह 10 बजे से किया गया है जहां पर कई प्रदेश से बड़ी संख्या में शिष्यगण परिवार सहित गुरु पूर्णिमा महोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु पूजन के बाद विशाल भण्डारे में प्रसाद ग्रहण करेंगे। प्रयागराज में सबसे विशाल अन्नक्षेत्र चलाने वाली संस्था लाल महेंद्र शिव शक्ति समिति ओम नमः शिवाय प्रयागराज की ओर से ईसीसी के पीछे गऊघाट आश्रम में विशाल रूद्र महायज्ञ गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर सुबह पांच बजे से शुरू होकर दोपहर तक चलेगा। उसके बाद विशाल भण्डारे में देश के कोने – कोने से आये हुए बड़ी संख्या में शिष्य प्रसाद ग्रहण करेंगे। मुख्य अतिथि राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी है। अखिल भारतीय दण्डी संन्यासी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पीठाधीश्वर स्वामी ब्रह्माश्रम महराज ने बताया कि वह चरखी दादरी स्थित आश्रम में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि गुरु, शिष्य का सबसे पवित्र रिश्ता होता है जो आदि काल से चला आ रहा है।
अखिल भारतीय दण्डी संन्यासी परिषद के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पीठाधीश्वर स्वामी रामाश्रम महराज ने बताया कि गढवा स्थित आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव सुबह सात बजे से शुरू होकर दोपहर तक चलेगा। नैनी के मां कामाख्या संस्थान के स्वामी संकर्षण महराज ने बताया कि इस बार का गुरुपूर्णिमा महोत्सव ललन सिंह क्लब,ज़क्की बिगहा डेहरी ऑन सोन, बिहार मे (अष्ट लक्ष्मी महायज्ञ) होगा, शिष्यगण 9 जुलाई को दोपहर से शाम तक डेहरी ऑन सोन पहुँचे, वहीं पर 10 जुलाई को सुबह 7 बजे से 10 बजे तक गुरु पूर्णिमा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हो। किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डा लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी महराज गुरु पूर्णिमा महोत्सव दिल्ली स्थित आश्रम में शिष्यों सहित मनाएंगे। इस दौरान देश के कोने – कोने से और कई देशों से बड़ी संख्या में शिष्यगण कार्यक्रम में शामिल होंगे। जगद्गुरु गर्गाचार्य मुचकुन्द पीठाधीश्वर स्वामी महेन्द्रानंद गिरी महराज बड़ी संख्या में शिष्यों के साथ जूनागढ़ स्थित आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होंगे। जगद्गुरु स्वामी महेंद्रानंद गिरी महराज ने बताया कि गुरु पूजन कार्यक्रम सुबह पांच बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगा , उसके बाद विशाल भण्डारे में बड़ी संख्या में शिष्यगण शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। बीकानेर के रामझरोखा कैलाश धाम आश्रम के राष्ट्रीय युवा संत महामंडलेश्वर स्वामी सरयूदास महराज के आश्रम में सुबह पांच बजे से गुरु पूजन कार्यक्रम शुरू होगा जो पूर्वाह्न 11 बजे तक चलेगा। बड़ी संख्या में शिष्य परिवार सहित शामिल होंगे।