JHANSI NEWS: बुंदेलखंड जल पुरुष डॉ. संजय सिंह के मार्गदर्शन में पर्यावरण संरक्षण की अलख बुंदेलखंड जल पुरुष डॉ. संजय सिंह के मार्गदर्शन में आज “गांव-गांव, पांव-पांव – वृक्ष लगाओ, पानी बचाओ” यात्रा झाँसी जिले के बबीना विकासखंड में निकाली गई। यह यात्रा ब्लाक के गणेशपुरा गाँव से होते हुए लहर ठाकुरपुरा गाँव में समाप्त हुई। यात्रा का उद्देश्य लोगों को पेड़ के महत्त्व के बारे में बताना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। गौरतलब है कि यह यात्रा इससे पहले जालौन जिले के पचनद क्षेत्र, टीकमगढ़ जिले के घुवारा और छतरपुर जिले के बक्सवाहा में भी निकाली जा चुकी है। यात्रा की शुरुआत गणेशपुरा मंदिर परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुई, जिसमें गणेशपुरा के ग्राम प्रधान राघवेंद्र सिंह यादव एवं चकरपुर की प्रधान पुष्पा सिंह जी ने सहभागिता निभाई। लहर ग्राम प्रधान आजाद सिंह यादव ने यात्रा का स्वागत किया | राजकीय महाविद्यालय गणेशपुरा के डॉ. बारिश द्विवेदी एवं डॉ. रवि कुमार भी इस यात्रा में सम्मिलित हुए और विद्यार्थियों को जल एवं वृक्ष संरक्षण की महत्ता समझाई। यात्रा के दौरान जल सहेली रेखा ने कहा, “परमार्थ समाजसेवी संस्थान के माध्यम से हमें न केवल पहचान मिली है, बल्कि जल संरक्षण के प्रति एक उद्देश्य भी मिला है। जल और वृक्ष का संबंध गहरा है – वृक्ष होंगे, तभी जल होगा और जल होगा तभी जीवन।” परमार्थ संस्था की कार्यकर्ता नीलम झा ने वृक्षारोपण को जीवन संकल्प बताते हुए कहा कि “अपने व्यस्त जीवन से समय निकालकर यदि हम साल में एक पेड़ भी लगाएं, तो आने वाली पीढ़ियों को हम पानी और हरियाली दोनों दे सकेंगे।”। इसके बाद यह यात्रा आगामी दिनों में ललितपुर जिले के तालबेहट विकासखंड के गाँवों में निकली जाएगी। यात्रा में सैकड़ों जल सहेलियों सहित ग्रामीण जन एवं परमार्थ के कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।







