अधिकारियों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के तहत जनपद में होंगे विभिन्न कार्यक्रम
15 जून से 21 जून तक मनाया जाएगा योग सप्ताह
FATEHPUR NEWS: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को गांधी पार्क से योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। 15 जून से 21 जून तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह की शुरुआत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में प्रातः 6:30 बजे हुई। इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर तथा महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रशिक्षकों के निर्देशन में विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सप्ताह की शुरुआत “योगः कर्मसु कौशलम्” अर्थात योग जीवन को कुशल, संतुलित और सफल बनाने का माध्यम है, इसी भावना के साथ की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि यह हर्ष का विषय है कि भारत सहित पूरे विश्व में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। जिलाधिकारी ने कहा कि “एक स्वस्थ शरीर और एक शांत मन ही योग का सबसे बड़ा उपहार है।” उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया, जिससे शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर हो सके। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पांडे, पीडी डीआरडीए सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने योग के महत्व को समझते हुए नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।







