34वें दिन सरौली में कन्या पाठशाला में ‘राखी भेजो’ महाअभियान का आयोजन
FATEHPUR NEWS: बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के ‘एक राखी बुंदेलखंड के नाम’ महाअभियान के 34वें दिन सरौली स्थित कन्या पाठशाला में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में छात्राओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री को राखी और पत्र भेजकर अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग दोहराई। केंद्रीय अध्यक्ष प्रवीण पाण्डेय बुंदेलखंडी ने कहा कि यह आंदोलन बहनों के आशीर्वाद और भाइयों के संकल्प से नई ऊर्जा पा रहा है। उन्होंने कहा कि हर जिले, कस्बे और गाँव में यह आवाज बुलंद होनी चाहिए कि “हमें चाहिए अपना बुंदेलखंड राज्य”। कार्यक्रम संयोजक युगल मिश्रा ने कहा कि यह केवल आंदोलन नहीं, बल्कि हमारे अधिकारों की लड़ाई है, जिसे हर नागरिक को अपनी भागीदारी से मजबूत करना होगा। युवा मोर्चा के अध्यक्ष एवं बीडीसी हिमांशु त्रिपाठी ने कहा कि युवाओं की एकजुटता ही इस संघर्ष की सबसे बड़ी ताकत बनेगी। वहीं मीडिया प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि अब तक एक लाख से अधिक राखी और पत्र प्रधानमंत्री को भेजे जा चुके हैं और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।







