Home आस्था गणपति महोत्सव में दिवंगत आत्मा की शांति हेतु रखा गया मौन

गणपति महोत्सव में दिवंगत आत्मा की शांति हेतु रखा गया मौन

PRATAPGARH NEWS: गणपति महोत्सव के छठवें दिन गणपति बप्पा के दरबार में कल सायंकालीन महाआरती के उपरांत एक विशेष क्षण देखने को मिला। महाआरती के बाद गणपति परिवार एवं ग्रामवासियों ने गणपति परिवार के सक्रिय सदस्य दिलीप कौशल की माता जी के ब्रह्मलीन होने पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी भक्तों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए एक मिनट का मौन रखा. वजह यह रही कि दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने और उनकी आत्मा की शांति के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थना की जा सके। गणपति परिवार का मानना है कि बप्पा के दरबार में सामूहिक प्रार्थना से आत्मा को शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। इस अवसर पर आचार्य पंडित आशुतोष जी महाराज (भागवत मृदुल) ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि बड़ों को प्रणाम करने से आयु, विद्या, यश और बल की प्राप्ति होती है। साथ ही उन्होंने माता-पिता के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उनकी प्रेरणादायी वाणी से पूरा पंडाल भावविभोर हो उठा। गौरतलब है कि गणपति जी की स्थापना के बाद से लगातार प्रतिदिन पूजा-अर्चना चल रही है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-आशीर्वाद प्राप्त करने आ रहे हैं। गणपति परिवार ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे शाम की महाआरती में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद एवं गुरुदेव की मंगलमयी वाणी का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य करें।