Home उत्तर प्रदेश गंगा नदी तथा पांडु नदी में आई बाढ़ से पीड़ित बारिश के...

गंगा नदी तथा पांडु नदी में आई बाढ़ से पीड़ित बारिश के चलते और भी परेशान

एक और शिविर बनाया गया, शिविरों में पुलिस की मांग

FATEHPUR NEWS: गंगा नदी तथा पांडु नदी में बाढ़ आने से एक दर्जन से अधिक गांव के लोग प्रभावित हैं जिन्हें राहत शिविर में परिवार सहित रखा गया है। गुरुवार को हुई बारिश के कारण बाढ़ पीड़ितों की समस्याएं और बढ़ गई। उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर ग्राम प्रधान ने मांग किया कि कम से कम रात में पुलिस की व्यवस्था की जाए क्योंकि कुछ अराजक तत्व शराब पीकर रात में उपद्रव करते हैं। बताते चलें कि मलवा ब्लॉक क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नदी तथा पांडु नदी में लगातार जल स्तर बढ़ने से एक दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं। दरियापुर गांव के पास महुआ टीला में बनाए गए बाढ़ राहत शिविर में 85 परिवार रह रहे हैं जबकि खांगल बाबा मंदिर परिसर के पास बनाए गए नए राहत शिविर में 60 परिवार पहुंच गए हैं। दोनों राहत शिविर में कुल मिलाकर 145 परिवार राहत शिविर में रह रहे हैं। इन परिवारों के साथ उनके मवेशी भी शिविर में मौजूद हैं। दिन में बारिश शुरू हो जाने पर दोनों शिविर में रह रहे बाढ़ पीड़ित और परेशान हो गए। बाढ़ पीड़ित परिवार के छोटे-छोटे बच्चे किसी तरह अपने को बारिश के पानी से बचाव करते नजर आए। दरियापुर के प्रधान रामदास निषाद ने बताया कि बाढ़ पीड़ितों के राहत शिविरों में रात को कुछ अराजक तत्व शराब पीकर आते हैं और उत्पात मचाने का काम करते हैं। ऐसी स्थिति में पुलिस की व्यवस्था की जरूरत है। इस संबंध में तहसीलदार अचिलेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों राहत शिविर में कुल 145 परिवार पहुंच गए हैं जिनके लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। राहत शिविर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मौजूद रहेगी। अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।