Home उत्तर प्रदेश खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर नगर निगम सख्त

खोदी गई सड़कों की मरम्मत पर नगर निगम सख्त

तीसरे चरण की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

JHANSI NEWS: जल निगम एवं सीयूजीएल द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर बुधवार को अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में तीसरे चरण के अंतर्गत वार्ड संख्या 05, 15, 17, 23, 26, 28, 29, 31, 35 एवं 41 से संबंधित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में अपर नगर आयुक्त ने उपस्थित पार्षदों से उनके क्षेत्रों में सड़कों की मरम्मत, पाइपलाइन कार्य और अन्य जनसमस्याओं की जानकारी ली। पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अपर नगर आयुक्त ने जल निगम एवं जल संस्थान के अवर अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे संबंधित पार्षदों के साथ संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करें तथा जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गई सभी सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए और शेष पाइपलाइन कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। बैठक में जल संस्थान को भी निर्देशित किया गया कि पार्षदों द्वारा बताए गए जल रिसाव (लीकेज) की शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाए। जिन क्षेत्रों में गंदा पानी आने की शिकायतें मिल रही हैं, उनका निराकरण एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नगर निगम के मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जल संस्थान, जल निगम के सहायक एवं अवर अभियंता, नगर निगम के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, सीयूजीएल के इंजीनियर तथा संबंधित वार्डों के पार्षद उपस्थित रहे।