SIDHARTHNAGAR: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने गुरुवार को विकास खंड खेसरहा का औचक निरीक्षण कर विभिन्न संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के नवनिर्मित छात्रावास एवं एकेडमिक भवन का निरीक्षण किया। भवन का अवलोकन करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इसे शीघ्र हैंडओवर कराने तथा सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खेसरहा पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति परखी। निरीक्षण के दौरान एक्स-रे कक्ष, लेबर रूम और दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया गया। उन्होंने एमओआईसी को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को बाहर की दवा न लिखी जाए और अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने विकास खंड कार्यालय का भी निरीक्षण कर विभिन्न पटलों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पटल सहायकों को पत्रावलियों का रख-रखाव सुव्यवस्थित ढंग से करने तथा आमजन को अनावश्यक रूप से परेशान न करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







