Home उत्तर प्रदेश खेत पर जबरन चकरोड डालने का विवाद में,  वृद्ध किसान ने पुलिस...

खेत पर जबरन चकरोड डालने का विवाद में,  वृद्ध किसान ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

JALAUN NEWS: सिरसा कलार थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम भिटारी में एक किसान के खेत पर जबरन चकरोड डाले जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित किसान जीत सिंह पुत्र द्वारिका सिंह ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।किसान का आरोप है कि ग्राम प्रधान और विपक्षी पक्ष के दबाव में पुलिस लगातार उसके विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। प्रार्थी का कहना है कि उसके खेत गाटा संख्या 389, रकबा 0.121 हेक्टेयर में अवैध रूप से चकरोड डाल दिया गया है, जबकि खेत की लेखपाल व कानूनगो द्वारा नापी में कहीं भी चकरोड नहीं मिला। किसान का आरोप है कि रास्ता जानबूझकर टेढ़ा-मेढ़ा डलवाया जा रहा है जिससे उसका खेत पूरा नहीं हो पा रहा।प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम प्रधान की तरफदारी करते हुए पुलिस तीन बार 151 में किसान के घरवालों का चालान कर चुकी है। यहां तक कि पुलिस पर महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का आरोप भी लगाया गया है। किसान का कहना है कि विपक्षी पक्ष द्वारा चकरोड की जमीन पर वर्षों से मकान भी बना लिए गए हैं।  लेकिन कार्रवाई करने के बजाय पुलिस उसी पर दबाव डाल रही है। किसान ने बताया कि इस संबंध में दीवानी मुकदमा न्यायालय कालपी में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष न केवल खेत जोतने से रोकता है बल्कि जान से मारने की धमकी भी देता है। पीड़ित ने मांग की है कि जबरन चकरोड डाले जाने पर तत्काल रोक लगाने और सिरसा कलार पुलिस की धमकियों से सुरक्षा प्रदान करने का आदेश पारित किया जाए। गांव में 25 वर्षों से चले आ रहे इस पुराने चकरोड विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है और किसान परिवार अब प्रशासन से निष्पक्ष हस्तक्षेप की उम्मीद लगाए बैठा है।