SIDHARTHNAGAR NEWS: भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी रोकने के लिए चलाए गए एक संयुक्त अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने अपनी मुस्तैदी का परिचय दिया है। कृषि विभाग के साथ मिलकर चलाए गए इस ऑपरेशन में एसएसबी के जवानों ने 30 बोरी उर्वरक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
गुरुवार देर रात जिला कृषि अधिकारी मोहम्मद मुजम्मिल को सूचना मिली कि सीमावर्ती क्षेत्र में बड़े पैमाने पर खाद की तस्करी हो रही है। उन्होंने तुरंत एसएसबी से संपर्क किया, जिसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। एसएसबी की त्वरित कार्रवाई और घेराबंदी के कारण टोला रामनगर मटियरिया से तीन मोटरसाइकिलों पर ले जाई जा रही 30 बोरी खाद को जब्त कर लिया गया। हालांकि, इस दौरान दो तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहे। गिरफ्तार तस्कर की पहचान अवधेश कुमार निवासी मटियरिया के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में बताया कि वह केवल डिलीवरी का काम करता है। पुलिस ने कृषि अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। एसएसबी की सतर्कता और बहादुरी के कारण ही यह बड़ी खेप पकड़ी जा सकी, जिससे सीमा पार हो रही तस्करी पर एक और वार हुआ है। इस दौरान सहायक कृषि अधिकारी सूरज कुमार, एसएसबी इंस्पेक्टर नीरज कुमार शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।







