PRATAPGARH NEWS: कोहंडौर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार अवैध देशी बम, चोरी की मोटरसाइकिल, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी सुनसान इलाकों में राहगीरों को रोककर देशी बम दिखाकर डराते थे और उनसे मोबाइल व नकदी लूटते थे। यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस आवले की बगिया के पास नहर पटरी पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान बरामद हुई चोरी की मोटरसाइकिल अमेठी जनपद के रामगंज थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसके संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।







