जनपद के अन्य थानों में भी जारी है साइबर जागरूकता अभियान
FATEHPUR NEWS: पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के आदेशों के क्रम में पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन पर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अपराध प्रमोद कुमार शुक्ल के नेतृत्व में बुधवार को कोटेश्वर इंटर कॉलेज, रमवा फतेहपुर में साइबर क्राइम थाना टीम द्वारा जनजागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में साइबर थाना फतेहपुर के उपनिरीक्षक रणधीर सिंह, हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय तथा राधानगर थाना की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना एवं बढ़ते साइबर अपराधों से सतर्क रहने के लिए प्रेरित करना रहा। इस दौरान भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं पोर्टल www.cybercrime.gov.in के उपयोग के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अपराध को रोका जा सकता है। कार्यशाला में बैंकिंग फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैन कर ठगी, व्हाट्सएप हैकिंग, ओ एल एक्स व के वाई सी आधारित ठगी, फर्जी ऐप्स, ऑनलाइन लोन स्कैम, हनी ट्रैप, एटीएम व सोशल मीडिया से जुड़ी धोखाधड़ी, निवेश व गेमिंग ऐप के जरिए ठगी, सेक्सटॉर्शन एवं न्यूड कॉल ब्लैकमेलिंग जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। सेक्सटॉर्शन के मामलों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह देते हुए बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर सोशल मीडिया पर संपर्क करते हैं, बाद में वीडियो कॉल के जरिए अश्लील सामग्री दिखाकर स्क्रीन रिकॉर्डिंग के माध्यम से ब्लैकमेल करते हैं। इससे बचने के लिए अजनबी फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने, अनजान वीडियो कॉल न उठाने तथा आवश्यकता पड़ने पर कैमरे को कवर रखने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधक कोटेश्वर शुक्ल, डी.के. श्रीवास्तव, डॉ. उमाशंकर तिवारी सहित शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पुलिस द्वारा बताया गया कि जनपद के अन्य थानों में भी साइबर जागरूकता अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।







