Home उत्तर प्रदेश केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 05 से 21 जून...

केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 05 से 21 जून तक चलेंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम

JHANSI NEWS: केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद झांसी में 05 जून से 21 जून 2026 तक समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित कर सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
इस संबंध में जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें तथा सरकार की अन्त्योदय की भावना को जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। अभियान की शुरुआत 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम से होगी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत अमृत सरोवरों, तालाबों, नदियों, नहरों, सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक और फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
08 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके तहत विभिन्न वर्गों के लोगों से संवाद, स्वच्छता अभियान, प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण संबंधी गतिविधियां तथा ‘सरकार आपके द्वार’ स्वरूप में जनसमस्या समाधान शिविर लगाए जाएंगे। 11 जून से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम के तहत सरकार की उपलब्धियों को प्रेस वार्ताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं 14 से 16 जून तक सभी विकासखंडों में जनकल्याण मेले एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
16 और 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों एवं प्रबुद्धजनों का विकासखंड स्तर पर भ्रमण कराया जाएगा। 17 से 20 जून तक विकास प्रदर्शनी आयोजित कर सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं, प्रदेश की प्रमुख परियोजनाओं, धार्मिक एवं आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों को प्रदर्शित किया जाएगा।
18 और 19 जून को खेती कार्यशालाओं का आयोजन कर किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के साथ होगा, जिसके तहत स्टेडियम परिसर एवं ग्राम पंचायतों में सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त पूरे अभियान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का आयोजन कर सरकारी योजनाओं की समीक्षा तथा जन शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था भी की जाएगी।