Home उत्तर प्रदेश केजरीवाल का पुतला दहन करने वालों पर एफआईआर की मांग, आप ने...

केजरीवाल का पुतला दहन करने वालों पर एफआईआर की मांग, आप ने दी आंदोलन की चेतावनी

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  संकट मोचन चौराहे पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं एवं सभासदों द्वारा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का पुतला दहन किए जाने के विरोध में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय एडवोकेट ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने पुतला दहन में शामिल नेताओं के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। सुनील कुमार पांडेय एडवोकेट ने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन 24 घंटे के भीतर संबंधित नेताओं के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करता है, तो आम आदमी पार्टी मीरजापुर में आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी राजनीतिक दल के बड़े नेता के खिलाफ इस प्रकार का पुतला दहन उचित नहीं है और वह इसकी घोर निंदा करते हैं। उन्होंने जिला एवं पुलिस प्रशासन से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी राजनीतिक दल के नेता का पुतला दहन किए जाने के पक्ष में नहीं है, चाहे वह सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का।